Saturday, 27 December 2014

प्रार्थना का असर









प्रार्थना का असर
प्रार्थना का सिलसिला धर्म के अस्तित्व में आने से पहले का है. प्रार्थना का अर्थ है कोई कामना करना, कि जैसे मैं कामना करता हूँ कि आप स्वस्थ रहे. यह एक प्रार्थना हो गई. अब ये प्रार्थना कितनी बार की, कितनी गहरी की यह एक कदम आगे की बात है.फिर इसमें ये पक्ष भी आ गया कि प्रार्थना किससे की, इसलिए यह बात गौण है कि प्रार्थना किससे की. अपने अपने मत के अनुसार अलग अलग ईष्ट चुन लिए लोगों ने. सब सही भी हो सकते है,कुछ कम सही हो सकते है. मगर हम बात कर रहे है प्रार्थना के असर की.
प्रार्थना का असर बहुत ही गहरा है. इतना गहरा कि शायद हम सोच भी नहीं सकते. हम कोई अंदाजा भी नहीं लगा सकते कि इसका असर कितना गहरा होगा. कहते है अगर कोई पेड़ कट गया हो और प्रार्थना की जाए तो वह पेड़ एक बार फिर से हरा भरा हो सकता है, अगर पेड़ का केवल तना रह गया हो और प्रार्थना की जाए तो भी एक बार फिर से वो हरा भरा हो सकता है , अब यदि पेड़ को धरती के बराबर काट दिया जाए उसका तना पूरा काट दिया जाए तो भी प्रार्थना के दम पर वो एक बार फिर हरा भरा हो जाएगा, और अब यदि उसकी जड ही निकाल दी जाए तो? प्रार्थना में वो असर है कि तब भी एक पेड़ वहां खड़ा हो सकता है और हरा भरा हो सकता है. 


    सोचना पड़ता है गहन चिन्तन करना पड़ता लेकिन लोग ये सोचते हैं कि हमें केवल प्रार्थना करनी है कोई कर्म नहीं करना,जबकि प्रार्थना में कर्म समाया हुआ है. बिना प्रार्थना के अगर कोई कार्य शुरू करें तो उसके गलत होने का अंदेशा रहता है प्रार्थना कर के कर्म ना करे तो केवल खोखली बात रह जाती है. प्रार्थना और कर्म कंधे से कंधा मिलाकर चलते हैं.
कई बार ये होता है कि हम जिस बात के लिए प्रार्थना करते हैं, निरंतर कर्म भी करते हैं मगर फिर भी वो प्रार्थना पूरी नहीं होती. इस बात पर मैं मेरी माँ का एक उदाहरण देता हूँ लोगों को. वो जोधपुर के बहुचर्चित स्कूल बाल् निकेतन में स्कूल अध्यापिका थी. उनका रिटायर्मेंट होने से २ दिन पहले राजस्थान सरकार ने एक्स्टेंशन देना बंद कर दिया. अब २ दिन पहले एक्स्टेंशन बंद हुआ तो माँ को बहुत निराशा हुई. वो प्रार्थना करती थी इसलिए मैंने कहा आप यकीन रखिए इसमें कुछ न कुछ भला ही होगा. लेकिन एक वो बात कि जो होता है भले के लिए होता है सोच कर वो शांत हो गई. मगर गाहे बगाहे उनकी वो उदासी झलक जाती.
      मेरी माँ ने अपनी ग्रेचुटी ली अपना हिसाब पूरा किया और रिटायरमेंट ले लिया. उसके बाद वो २ साल में ६ बार शारजाह आई और बड़े मजे से जिन्दगी कटी. अब दो साल बाद पीछे के लोगों के भी रिटायर्मेंट थे मगर जब वे रिटायर हुए तो सरकार ने कह दिया उनके पास पैसा नहीं है इसलिए न कोई ग्रेचुटी है और न कोई पैसा. तो २ साल बाद उनको समझ में आया कि उस वक्त अगर उनका एक्स्टेंशन हो जाता तो आज वो ग्रेचुटी और पैसा जो मिला, जो इंसान की उम्र भर की पूंजी होती है वो नही मिलता. और इन दो सालों में उन्होंने जिन्दगी को पूरा जिया. रिटायरमेंट पर पैसा भी लिया और बड़े आराम से वे तमाम जगह घूमी.
   यह होता है प्रार्थना का असर. हमें विशवास रखना होता है कि जो हो रहा है हमारे हित में हो रहा है. कई मायनों में २ के ४ साल लग जाएँ ४ के ६ साल लग जाएं, पूरी जिन्दगी लग जाए मगर प्रार्थना पूरी हो के रहती है. पूरे मनोयोग से जब प्रार्थना होती है तो पूरी होती है. यह अटल सत्य है.

के.बी.व्यास 


No comments:

Post a Comment